Article

महाराणा प्रताप के अपमान का आरोप भाजपा की राजनीतिक साज़िश -अखिलेश यादव

 08 May 2024

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख़ अखिलेश यादव ने कहा है कि महाराणा प्रताप के नाम पर भाजपा लोगों को ग़ुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का सम्मान हम सभी करते हैं। सपा सरकार ने महाराणा प्रताप दिवस पर सरकारी छुट्टी घोषित की थी, लेकिन योगी सरकार ने उसे ख़त्म कर दिया। उनके शौर्य-प्रताप को हम सम्मान की दृष्टि से देखते हैं लेकिन भाजपा राजनीतिक दृष्टि से देखती है। 


अखिलेश यादव ने भाजपा के उन दावों का खंडन किया है जिसमें सपा कार्यकर्ताओं के द्वारा महाराणा प्रताप की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। अखिलेश ने कहा कि वीडियो को म्यूट (बिना आवाज़) और झूठे तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो को साज़िश के तहत भाजपा के कार्यालय से वायरल कराया जा रहा है।



क्या है विवाद


उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में कथित तौर पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 100 सपा कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ शिक़ायत दर्ज़ की गयी है। घटना शनिवार की है जब अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव का रोड शो ख़त्म हो चुका था। वायरल वीडियो में कुछ लोगों को महाराणा प्रताप की मूर्ति पर सपा का झंडा लगाते हुए देखा जा सकता है ।



अखिलेश ने क्या कहा


अखिलेश ने कहा कि वैसे तो हर चौराहे पर पुलिस होती है लेकिन जहाँ पुलिस की जरुरत थी वहां पुलिस ग़ायब रहती है। अगर कुछ नासमझ लोग मूर्ति पर चढ़ गए तो इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने महाराणा प्रताप का अपमान किया है। भाजपा को पता है कि मैनपुरी में भाजपा का हारना तय है इसलिए भाजपा के लोगों ने इस प्रकार की साज़िश को रचा है।


सांसद डिंपल यादव ने घटना पर सपा की तरफ़ से जाँच करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ और मारपीट किसने की है इसका वीडियो सपा के पास भी है। आशा है कि जाँच के दौरान किसी के साथ अन्याय नहीं किया जायेगा। पुलिस और प्रशासन जाँच को ईमानदारी के साथ करेगा।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा


महाराणा प्रताप के अपमान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधा है। योगी आदित्यनाथ ने आपत्तिजनक टिप्पणियों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि नया भारत राष्ट्र नायकों का अपमान सहन नहीं करेगा। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद गुंडों की गर्मी धीरे-धीरे शांत हो जायेगी। उन्होंने कहा कि सपा के लोगों ने संविधान शिल्पी ड़ॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को अपवित्र करने का भी काम किया है।